Top News

स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग में 75 जिलों में वाराणसी को मिला प्रथम स्थान

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी-- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किये जा रहे सतत प्रयासों के सकारात्मक प्रणाम सामने आए हैं। सितंबर 2026 की जारी हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी ने उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अनुसार जनपद का समग्र स्कोर 74% रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विकासखंड स्तर पर आराजी लाइन ने 78% के समग्र स्कोर के साथ प्रथम, पिंडरा ने 76% के साथ द्वितीय तथा सेवापुरी ने 75 प्रतिशत स्कोर के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सिजेरियन प्रसव से सम्बंधित निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों पर भी जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। जिला चिकित्सालयों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित सिजेरियन प्रसव के दोनों प्रमुख संकेतकों में वाराणसी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच, पूर्ण टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रसव पूर्व जांच तथा नवजात शिशुओं को गृह आधारित नवजात देखभाल सेवाएं उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण संकेतको पर भी विभिन्न विकासखण्डों में सराहनीय प्रदर्शन दर्ज किया गया है। सीएमओ ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, बेहतर कार्य योजना तथा सेवाओं की नियमित निगरानी का परिणाम है। उन्होंने अन्य चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य इकाइयों को भी अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने, निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों की नियमित समीक्षा करने तथा शासन की प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

और नया पुराने