दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी। शहर के कंदवा वार्ड नंबर 19 में दुर्गा पूजा पंडाल तक जाने वाली सड़क की बदहाली स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश का पानी गड्ढों में भरने से रास्ते पर कीचड़ फैल गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में कंदवा वार्ड की इस सड़क की खराब स्थिति लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। गड्ढों में भरे पानी के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान सड़क की मरम्मत और आवागमन की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दुर्गा पूजा पंडाल तक पहुंच सकें। सड़क की बदहाली के कारण क्षेत्रवासियों को भी रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि यदि तत्काल नई सड़क बनाना संभव नहीं है, तो कम से कम गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
एक टिप्पणी भेजें