गुफरान अहमद की रिपोर्ट मीरजापुर। धर्म, आस्था और भारतीय संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में पहचान रखने वाले बरियाघाट के ऐतिहासिक विजयादशमी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री रामलीला कमेटी बरियाघाट की ओर से 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को आयोजित होने वाले इस भव्य मेले में इस बार सोमनाथ मंदिर, भैरव गुफा, द्वादश ज्योतिर्लिंग और अदलपुरा की शीतला माता की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती रीतु केशरी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले वर्षों में मेले में आठ से दस लाख दर्शनार्थी पहुंचते रहे हैं। इस बार 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले में कुचीपुड़ी नृत्य के साथ नारी शक्ति की झांकी में अहिल्याबाई होलकर सहित महान मातृशक्तियों के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
महामंत्री संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि पंचमुखी महादेव मंदिर की भव्य सजावट के साथ रामटेक मंदिर पर श्रीराम दरबार, अशोक वाटिका, रावण दरबार, बांके बिहारी, मीराबाई की भक्ति और दक्षिणेश्वर काली माता सहित अनेक झांकियां सजाई जाएंगी।
संरक्षक अमरेश मिश्र ने कहा कि मेले में राष्ट्रभक्ति, धर्म, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। वहीं, कोषाध्यक्ष रवींद्र कुमार गुप्ता के अनुसार विद्युत, साउंड, शार्पी लाइट और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य प्रगति पर है। मेले को भव्य बनाने के लिए कमेटी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी मेला पूर्वांचल में आस्था और संस्कृति का प्रमुख आकर्षण बनेगा।
एक टिप्पणी भेजें