रवि शंकर राय की रिपोर्ट
वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के लोहता इलाके में जमीन पर जबरन कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परजनपुर निवासी वृद्ध किसान उमाशंकर मौर्य ने आरोप लगाया है कि उनके बैनामे की जमीन को गांव के ही दबंगों ने ट्रैक्टर से जोतकर अपने खेत में मिला लिया है और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।पीड़ित किसान ने इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त, रोहनियां कमिश्नरेट को प्रार्थना पत्र देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी उमाशंकर मौर्य पुत्र स्व. विश्वनाथ प्रसाद मौर्य ने बताया कि उन्होंने मौजा मंगलपुर में आराजी नंबर 311 और 312 में कुल 0.077 हेक्टेयर जमीन का बैनामा वर्ष 2021 में महेशपुर निवासी श्यामशंकर पांडेय और प्रथम बैनामे से सटे उत्तर प्रदीप पांडेय व लवकुश पांडेय से कराया था। बैनामे के बाद से ही वे उस पर काबिज होकर खेती करते चले आ रहे हैं।
आरोप है कि विपक्षी गण मोहन पांडेय, मिथिलेश कुमार पांडेय, विनय पांडेय, आनंद कुमार पांडेय उर्फ गोरे व राजन कुमार पांडेय पुत्रगण स्व. गोपीनाथ पांडेय निवासी महेशपुर (विद्यापतपुर) जो उसी खाते में सहखातेदार हैं, गुंडई और लाइसेंसी बंदूक के बल पर उनकी जमीन हड़पना चाहते हैं।पीड़ित का आरोप है कि. दिनांक 04.10.2026 को सुबह करीब 10:53 बजे विपक्षी 10 से 15 लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर आए और उनकी जमीन का डांड़ा-मेड़ा बिगाड़कर जोत दिया और अपने खेत में मिला लिया। इस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी होने की बात कही गई है।
एक दिन पहले भी किया था झगड़ा इससे एक दिन पहले 03.10.2026 को जब पीड़ित अपने खेत में तिल की फसल कटने के बाद ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे, तो विपक्षियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित के लड़के का गट्टा पकड़कर खींचने की कोशिश की। किसी तरह लड़का छूटकर भागा। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया।
चौकी इंचार्ज पर भी उठाए सवाल
पीड़ित ने पुलिस चौकी अकेलवा के इंचार्ज की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब उन्होंने शाम 05:44 बजे चौकी इंचार्ज से बात की तो उन्हें कोर्ट से आदेश लाने को कहा गया, जबकि विपक्षी बिना किसी आदेश के अपने हिस्से की जमीन पर काबिज हैं। पीड़ित का कहना है कि जो नियम उनके लिए लागू है, वही न्याय हित में विपक्षी के लिए भी लागू होना चाहिए।
वृद्ध और अकेले होने तथा बच्चों के दूसरे प्रदेश में फोर्स में तैनात होने का फायदा उठाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जान-माल की धमकी, गाली-गलौज और जबरन जमीन हड़पने के मामले में FIR दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की है।
एक टिप्पणी भेजें