कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आदि शक्ति मां दुर्गा की आराधना के लिए शहर में पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया है। नौ दिवसीय पूजा आयोजन करने वाली विभिन्न समितियों के पंडालों में आज विधि-विधान से मातारानी की नयनाभिराम प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित की गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर के टाउनहाल, नवापुरा, बुलानाला, गायघाट और सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम संघ समेत विभिन्न पूजा समितियों की ओर से मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई है। वहीं, घरों में भी कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय पूजा-अर्चना शुरू हो गई। वैदिक ब्राह्मणों ने विधि-विधान से माता का दरबार सजाकर शतचंडी पाठ का शुभारंभ किया। नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
एक टिप्पणी भेजें