काशी दीप विजन वाराणसी नगर निगम। काशीराम आवास में 100 केएलडी एसटीपी निर्माण की आधारशिला, 31 मार्च 2026 तक पूरा होगा कार्य। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को काशीराम आवास कॉलोनी में 100 केएलडी प्रतिदिन क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना कोटक महिंद्रा बैंक के सीएसआर फंड से पूरी की जाएगी।शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर ने विधिवत भूमिपूजन कर नारियल फोड़ा और कार्य के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण समापन की अपेक्षा जताई। इस एसटीपी से कॉलोनी के एक ब्लॉक के करीब 1000 फ्लैटों से निकलने वाले सीवेज जल का निस्तारण होगा, जिससे लगभग तीन हजार निवासियों को लाभ मिलेगा। तैयार प्लांट से शोधित जल का उपयोग पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा।कोटक महिंद्रा बैंक के उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय प्रमुख अंकुर खरे ने महापौर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यदायी संस्था बेंगलुरु की डी.डी. इंडिया की सीनियर मैनेजर अदिति पांडेय ने बताया कि लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से यह एसटीपी 31 मार्च 2026 तक तैयार कर लिया जाएगा।महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि काशीराम आवास गरीबों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना थी, लेकिन सीवर जल निकासी की सुविधा अब तक नहीं हो सकी थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर शेष दो अन्य ब्लॉकों में भी इसी तरह के एसटीपी निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।इस दौरान भाजपा विधानसभा उत्तरी संयोजक अरविंद सिंह, पार्षद अशोक मौर्य, मदन मोहन दूबे, बलिराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, रोहित मिश्र, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, दीपक सिंह, संदीप त्रिपाठी, सुनील सोनकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह पिंकू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट: नवीन प्रकाश सिंह।
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें