वाराणसी,नगर निगम का ₹1631.52 करोड़ का पुनरीक्षित बजट पेश, अधिकारियों के जवाब न मिलने पर बैठक स्थगित*वाराणसी काशी दीप विजन। नगर निगम वाराणसी के वर्ष 2025-26 का कुल ₹1631.52 करोड़ का पुनरीक्षित बजट शनिवार को टाउनहॉल के गांधी भवन में आयोजित सदन की बैठक में पेश किया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर अशोक कुमार तिवारी ने की। बजट उपसभापति नरसिंह दास द्वारा प्रस्तुत किया गया। नगर निगम के मद में ₹1380.77 करोड़ तथा जलकल विभाग के लिए ₹250.75 करोड़ का बजट पेश किया गया है। मूल बजट की तुलना में ₹102.14 करोड़ की वृद्धि की गई है।नगर निगम ने विभिन्न मदों में आंशिक बढ़ोतरी की है। सम्पत्तिकर ₹110 करोड़ से बढ़ाकर ₹125 करोड़, स्टाम्प ड्यूटी ₹15 करोड़ से ₹30 करोड़, दुकान किराया ₹7 करोड़ से ₹8 करोड़ और पार्किंग शुल्क ₹1.50 करोड़ से ₹2 करोड़ किया गया है। वहीं, पहली बार जुर्माना मद में ₹10 लाख का प्रावधान किया गया है। नये मद के रूप में मेट्रोपॉलिटन पब्लिक हेल्थ सर्विलांस यूनिट के लिए ₹5 करोड़ का प्रावधान जोड़ा गया है।व्यय मदों में भी कई बढ़ोतरी की गई है—कार्यालय के विद्युत बिल ₹90 लाख से बढ़ाकर ₹3 करोड़, सड़कों के रखरखाव ₹7 से ₹8 करोड़, मार्ग प्रकाश अनुरक्षण ₹1 करोड़ से ₹5.60 करोड़, नाला-सफाई ₹3 से ₹6 करोड़, गंगा घाटों की सिल्ट सफाई ₹3 से ₹5 करोड़ और वाहनों की मरम्मत ₹1.75 से ₹3 करोड़ तक बढ़ाई गई है।बैठक में पार्षदों ने विभिन्न मदों पर सवाल उठाए। बंगालीटोला पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी ने पार्षद कोष बढ़ाने की मांग की, जबकि सुरेश चौरसिया ने दुकानों के किराये व यूजर चार्ज वसूली पर प्रश्न उठाया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी होटल, धर्मशालाएं और बीयर बार को चिन्हित कर लाइसेंस वसूली सुनिश्चित करें।महापौर ने कूड़ा उठान करने वाली कंपनी पर भी नाराजगी जताई। बताया गया कि कम्पनी को ₹28 करोड़ का यूजर चार्ज वसूलना था, परंतु अगस्त 2025 तक केवल ₹3.15 करोड़ ही वसूला गया। इस पर महापौर ने निर्देश दिए कि लक्ष्य से कम वसूली की स्थिति में भुगतान में कटौती की जाए।अधिकारियों द्वारा संतोषजनक उत्तर न देने पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए बैठक को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया। अगली बैठक नवंबर के प्रथम सप्ताह में होने की संभावना है।बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी और पार्षदगण उपस्थित रहे। ब्यूरो नवीन प्रकाश सिंह।
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें