गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबा 11 वर्षीय बालक, अस्पताल में हुई मौतएकलौते पुत्र की मौत से बेसुध हुई मां, इलाके में शोक की लहरजमानिया। कोतवाली क्षेत्र के नगर स्थित यमदग्नि-परशुराम गंगा घाट पर शुक्रवार की दोपहर गंगा में स्नान के दौरान डूबने से 11 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अनस खान पुत्र इंतखाब खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार प्रांत के करारी गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अनस के पिता इंतखाब खान परिवार की बेहतर शिक्षा और जीवन के लिए नगर के पठान टोली मोहल्ले में किराए पर पत्नी तस्नीम, 13 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र अनस को रखकर खुद सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। अनस नगर स्थित एक मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार की दोपहर अनस अपने चार-पांच साथियों के साथ गंगा घाट पर स्नान करने गया। स्नान करते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बारिश के कारण घाट पर कोई मौजूद नहीं था। लेकिन बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनस को बाहर निकालने का भरपूर प्रयास किया और तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एकलौते पुत्र की मौत की सूचना मिलते ही मां तस्नीम घटनास्थल पर पहुंची और दहाड़ मारकर रोने लगीं। मां की चीख-पुकार सुनकर वातावरण गमगीन हो गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे। इस हृदयविदारक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। परिजनों ने बताया कि अनस मूल रूप से बिहार के करारी गांव का रहने वाला था। बेहतर शिक्षा के लिए वे लोग जमानियां में रह रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है, परिजनों की तहरीर पर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यमदग्नि-परशुराम गंगा घाट उर्फ बलुआ घाट सहित अन्य घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें। सलीम मंसूरी की रिपोर्ट जमानिया
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें