वरिष्ठ पत्रकार सलीम मंसूरी की रिपोर्ट
जमानिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव का बुधवार को क्षेत्र में आगमन पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। करंडा की ओर से आते समय धरम्मरपुर गंगा सेतु पर युवा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर नारेबाजी कर अपनी ताकत का अहसास कराया। भव्य स्वागत से उत्साहित पूर्व मंत्री दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ रघुनाथपुर गांव में आयोजित दस दिवसीय महायज्ञ में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डीपी यादव ने गाजीपुर को वीरों की धरती बताते हुए जनपद से अपने गहरे लगाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां के वीर जवान आज भी देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, जिनके प्रति वे सदैव सम्मान का भाव रखते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं होता है, तो राष्ट्रीय परिवर्तन दल प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। जमानियां विधानसभा सीट को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां से पार्टी का प्रत्याशी जरूर चुनाव लड़ेगा, जिसका फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी करेगी।क्षेत्रीय समस्याओं का जिक्र करते हुए पूर्व मंत्री ने बंद पड़ी नंदगंज चीनी मिल का मुद्दा उठाया और कहा कि इसे दोबारा चालू कराने के लिए उन्होंने सरकार से अनुरोध किया था, लेकिन सरकारी उदासीनता और बैंक की भारी बकायेदारी के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकारी कामकाज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि योगी के प्रदेश में सब कुछ चंगा है, लेकिन पास में गंगा है।धरम्मरपुर सेतु के अलावा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न प्रमुख मोड़ों और चौराहों पर भी लोगों ने रोककर उनका स्वागत किया। स्वागत के उपरांत काफिला अपने गंतव्य रघुनाथपुर स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गया। इस मौके पर राष्ट्रीय परिवर्तन दल के प्रदेश अध्यक्ष गगन यादव, बसंत यादव, शिवमूरत, पप्पू यादव, डॉ. राम उग्रह, सरोज, अवधेश, श्याम नारायण, चांदनी, सीताराम, राम आशीष बिंद सहित दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे
एक टिप्पणी भेजें