काशी दीप विजन। नवीन सिंह की रिपोर्ट:
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले संपन्न हुए। सीनियर वर्ग में कुल 100 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
विभिन्न भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में महापौर अशोक तिवारी, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता एवं मनीष गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति ने कहा कि प्रतियोगिता ने जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराया है। इससे युवाओं में ताइक्वांडो के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ेगी।
अंत में वाराणसी जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव नन्दलाल जायसवाल ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी के साथ प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
एक टिप्पणी भेजें