Top News

चितईपुर से अमलेशपुर जाने वाले मार्ग पर पिछले करीब तीन महीने से जलभराव और खराब सड़क के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई टोटो की जगह लूटो बनी सड़क

संदीप गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी.                          वाराणसी। चितईपुर से अमलेशपुर जाने वाले मार्ग पर पिछले करीब तीन महीने से जलभराव और खराब सड़क के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर जमा पानी के बीच टोटो, ऑटो, बाइक और स्कूटी सवारों को आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण आए दिन वाहन फिसलने और पलटने की घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई लोग चोटिल हो चुके हैं।

प्रत्यक्षदर्शी आकाश पासवान ने बताया कि बुधवार को उनकी आंखों के सामने एक टोटो जलभराव वाले रास्ते पर पलट गया। टोटो में करीब पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने खुद टोटो को उठाया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला। आकाश ने बताया कि वह मिर्जापुर की ओर से आ रहे थे और इसी दौरान उनके सामने हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को पानी के नीचे गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पाता।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के पूरे मौसम में इस मार्ग पर पानी जमा रहता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है। इसी मार्ग से गुजर रहे ओडिशा से आए श्रद्धालु बाबा काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने वाराणसी पहुंचे थे। उन्हें बाईपास स्थित भास्कर पोखरा की ओर जाना था, लेकिन जलभराव वाले रास्ते पर टोटो पलटने से उनकी यात्रा भी प्रभावित हुई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया।

लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि रोजाना होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

Post a Comment

और नया पुराने