वाराणसी काशी दीप विजन * कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उठाया मुद्दा
* स्मृति द्वार पर नाम छोटे अक्षरों में लिखने और तस्वीर नहीं लगाने पर जताई नाराजगी
शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के चिरईगांव ब्लॉक अंतर्गत सरैया-1 गांव के शहीद नायक विजय प्रसाद गोंड के स्मृति द्वार पर नाम छोटे अक्षरों में लिखे जाने और तस्वीर नहीं लगाए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर स्मृति द्वार को सम्मानजनक स्वरूप देने की मांग की है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शहीद विजय प्रसाद गोंड ने 11 मार्च 2014 को जम्मू-कश्मीर में देश की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे वीर जवान की स्मृति में बने द्वार पर उनका नाम छोटे अक्षरों में अंकित होना और तस्वीर नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि स्मृति द्वार पर शहीद की तस्वीर लगाई जाए तथा उनका पूरा नाम बड़े, स्पष्ट और सम्मानजनक अक्षरों में लिखा जाए।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यदि शहीदों के सम्मान में भी जातिगत आधार पर भेदभाव हो रहा है, तो यह सामाजिक समानता के दावों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले जवानों का सम्मान जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर है।
चौबे ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने और शहीद के परिवार की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान किसी सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि राष्ट्र का कर्तव्य है। उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें