वाराणसी कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट -. जूट और सुतली से बनी मां की मूर्ति बनी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। शारदीय नवरात्र की नवमी पर शहर के पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के प्रसिद्ध पंडालों में दिनभर भीड़ लगी रही। इसी क्रम में सोनारपुरा क्षेत्र के केदारघाट स्थित केदार स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल में भी दर्शनार्थियों का हुजूम लगा रहा। यहां का आकर्षण पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा रही, जिसे जूट और सुतली से तैयार किया गया है। प्राकृतिक सामग्री से बनी यह मूर्ति देखने में बेहद भव्य और आकर्षक लग रही है। पंडाल में आदिशक्ति मां दुर्गा हाथ में त्रिशूल लिए महिषासुर का वध करती हुई मुद्रा में हैं। मां के दाईं ओर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की मूर्तियां हैं, तो बाईं ओर मां सरस्वती और भगवान कार्तिकेय की मूर्तियां स्थापित हैं। सभी मूर्तियां जूट और सुतली से ही निर्मित हैं, जो इसे इको-फ्रेंडली थीम बनाती हैं।क्लब के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि हर साल क्लब द्वारा कुछ अलग और नई थीम पर मां की प्रतिमा बनवाई जाती है। इसी कड़ी में इस बार पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जूट और सुतली से मां की मूर्ति तैयार कराई गई है, जिसे श्रद्धालुओं द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें