Top News

झाड़ियों में छिप गए हैं संकेतक व तीन बड़े यू-टर्न प्रशासन मौन हो रहे हैं दुर्घटना के शिकार

विजय कुमार की रिपोर्ट

 वाराणसी शिवपुर हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुद्धीपुर चौराहे से तरना ओवरब्रिज तक कई स्थानों पर लगे सिग्नल खराब हालत में हैं। कई जगह सिग्नल झाड़ियों और पेड़ों के बीच छिपे होने से वाहन चालकों को समय रहते संकेतक दिखाई नहीं देते। महत्वपूर्ण सड़क कट और यू-टर्न पर वाहनों की आवाजाही के बीच इससे हादसे का हमेशा खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शुद्धीपुर चौराहे से तरना ओवरब्रिज के बीच करीब छह से सात स्थानों पर रोड कट और डायवर्जन हैं। इनमें कई जगह सिग्नल लगे हैं, लेकिन इनके खराब होने अथवा ठीक से दिखाई न देने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। बड़े वाहनों की तेज रफ्तार और यू-टर्न पर वाहनों की भीड़ स्थिति को और खतरनाक बना देती है।स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक पिछले करीब छह महीने में इस मार्ग पर तीन लोगों की सड़क हादसों में मौत होने की बात सामने आई है। इनमें शुद्धीपुर चौराहे पर घूरे प्रजापति, रोटी ढाबा शुद्धीपुर के पास हादसे में आकांक्षा श्रीवास्तव और हाल में युवा इंजीनियर अनूज राजू पटेल की मौत हो चुकी है। अनूज पटेल की मौत यू-टर्न के पास भीड़भाड़ वाले स्थान पर बस की चपेट में आने से होने की बात कही गई है।
ललित द्वार के सामने भी सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। उनका कहना है कि सड़क के बीच पेड़ों और झाड़ियों के बीच लगा महत्वपूर्ण सिग्नल ठीक स्थिति में नहीं है। इससे वाहन चालकों को समय रहते संकेत दिखाई नहीं देते। शुद्धीपुर से तरना ओवरब्रिज तक तीन बड़े यू-टर्न ऐसे हैं, जहां भारी वाहनों की आवाजाही के बीच अचानक यू-टर्न लेने वाले वाहनों से हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि किसी आला अधिकारी के आने पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सकती है तो आम दिनों में यही व्यवस्था क्यों दिखाई नहीं देती। महत्वपूर्ण हाईवे पर खराब सिग्नल, झाड़ियों से ढके संकेतक, तेज रफ्तार भारी वाहन और संवेदनशील यू-टर्न के बावजूद प्रभावी यातायात निगरानी नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।
लगातार हादसों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन व्यवस्थागत खामियों की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। क्या किसी और बड़े हादसे के बाद ही यातायात प्रशासन जागेगा या इससे पहले ही खराब सिग्नल, यू-टर्न और सड़क कट की व्यवस्था दुरुस्त कर लोगों की जान बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

और नया पुराने