Top News

4-- सीडीओ की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का हुआ आयोजन वाराणसी -

राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी --मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी वाराणसी की ओर से मुख्य राजस्व अधिकारी राजस्व विभाग उपस्थित रहे। किसान दिवस में कृषि विभाग के साथ-साथ दुग्धशाला विभाग, वन विभाग, मत्स्य विभाग, गन्ना विकास विभाग, ज्ञानपुर नहर प्रखंड विभाग, सिंचाई विभाग, खाद्य विभाग, उद्यान विभाग, विद्युत विभाग, सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण व मृदा सर्वेक्षण, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के प्रतिनिधि, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा जनपद के समस्त विकासखण्डों से आए प्रगतिशील कृषकों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का संचालन उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल द्वारा किया गया। बैठक में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल द्वारा कृषकों को रवि फसलों की समय से बुवाई करने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया गेहूं की समय से बुवाई करने पर फसल की उत्पादकता में वृद्धि होती है। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ राहुल ने कृषकों को अवगत कराया कि वर्तमान में खेतों में उपलब्ध वर्षा की नमी का लाभ उठाते हुए गेहूं की बुवाई समय से करें। बुवाई में विलंब होने की स्थिति में देर से बोई जाने वाली उपयुक्त गेहूं की प्रजातियों का ही चयन करें। पशुपालन विभाग द्वारा कृषकों से अधिक से अधिक पशुओं का बीमा कराने की अपील की गई। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा सब्जियों के बीज प्राप्त करने, मखाना की खेती हेतु पंजीकरण कराने तथा जायद मौसम में कुकुरबिट वर्गीय सब्जियों की खेती के लिए भी पंजीकरण कराने का अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त सिंचाई संबंधी कृषि यंत्रों पर 65 से 90% तक अनुदान प्राप्त करने की जानकारी दी गई। लघु सिंचाई विभाग द्वारा बताया गया की निशुल्क बोरिंग योजना के अंतर्गत आवेदन प्राप्त हो गए हैं। अतः जिन कृषकों को निशुल्क बोरिंग की आवश्यकता है वे शीघ्र आवेदन करें। जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी एवं जापानी प्रतिनिधियों तथा भारत में उक्त परियोजना के नेतृत्व कर्ता डॉक्टर बी एन सिंह ने अपनी टीम के साथ किसान दिवस में हिस्सा लिया। उनके द्वारा बताया गया कि जनपद वाराणसी की तीन ग्राम पंचायत जैसे रमना, मुस्तफाबाद एवं चांदपुर में बांस से चारकोल निर्माण संबंधी पायलट परियोजना संचालित की जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत उक्त ग्राम पंचायत के किसानों को बांस उत्पादन, बांस आधारित संसाधनों के उपयोग एवं चारकोल निर्माण की आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत जनपद के 50 किसानों को जापान में 12 दिवसीय प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है। अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा किसान दिवस में उपस्थित प्रगतिशील कृषकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना गया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के अंत में जिला कृषि अधिकारी वाराणसी संगम सिंह द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं उपस्थित प्रगतिशील किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा किसान दिवस की बैठक के समापन की घोषणा की गई।

Post a Comment

और नया पुराने