वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार को आयोजित एयर शो के दौरान हेलीपैड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक खुद को कैप्टन अर्पित बता रहा था, लेकिन जांच में उसके कैप्टन के पद पर नहीं होने की बात सामने आई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, एयर शो देखने के लिए काशी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान नमो घाट स्थित हेलीपैड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर सक्रिय हुई आदमपुर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम कैप्टन अर्पित बताया। पुलिस ने उसकी पहचान और पद के संबंध में जांच की तो उसकी पहचान अर्पित चतुर्वेदी पुत्र सिद्धार्थ चतुर्वेदी के रूप में हुई। वह कैंट थाना क्षेत्र के जजिद बाजार में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस की सतर्कता से संदिग्ध युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एक टिप्पणी भेजें