कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी काशी दीप विजन -कमिश्नरेट के थाना चितईपुर पुलिस ने हैदराबाद गेट के पास एक युवक पर चाकू, डंडे और जार से जानलेवा हमला करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
क्या है पूरा मामला:
दिनांक 21.10.2026 को वादी आदर्श कुमार (निवासी भगवानपुर, थाना लंका) ने थाना चितईपुर में तहरीर दी थी कि हैदराबाद गेट स्थित अनंता मिल्क शेक दुकान के पास राहुल पाठक, हरिओम चौबे, अमन राजपूत और अन्य लोगों ने उन पर चाकू, डंडे एवं कॉफी बनाने वाले जार से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी स्कूटी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जाते-जाते अभियुक्तगण जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 261/2026, धारा 109(1)/352/351(3)/324(4)/191(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
विवेचना के दौरान प्रकाश में आए वांछित अभियुक्त सौरभ रावत (पुत्र हीरालाल रावत, निवासी गायत्री नगर, थाना लंका, वाराणसी, उम्र लगभग 18 वर्ष) को दिनांक 24.10.2026 को समय करीब 11:10 बजे आईटीआई गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आपराधिक इतिहास:
पकड़े गए आरोपी सौरभ रावत का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना भेलूपुर, थाना लंका और थाना लालपुर/पाण्डेयपुर में मारपीट, बलवा, हत्या का प्रयास (धारा 304, 323, 120-B, 147, 115(2), 125(a) आदि) और आयुध अधिनियम के तहत पहले से ही कई गंभीर मुकदमे पंजीकृत हैं।
एक टिप्पणी भेजें