वरिष्ठ पत्रकार सलीम मंसूरी की रिपोर्ट
जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां में आज पुराछात्र सम्मान समारोह के अंतर्गत पूर्व विधायक दिलीप पांडेय का महाविद्यालय परिवार द्वारा भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री द्वारा की गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं को दिलीप पांडेय के छात्र जीवन से परिचय कराते हुए बताया कि किस प्रकार एक सामान्य छात्र के रूप में उन्होंने इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर जनसेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। अपने सम्मान से अभिभूत पुराछात्र पूर्व विधायक दिलीप पांडेय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए भावुक होते हुए कहा कि,"कभी मैं भी आप ही की तरह इस महाविद्यालय का छात्र हुआ करता था और आज जब यहाँ उपस्थित हूँ तो अपने पुराने दिनों का स्मरण हो रहा है। इसी परिसर ने मुझे जीवन की दिशा दी। आगे उन्होंने लोकतंत्र विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल एक राजनीतिक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की गारंटी देती है। इसमें कानून का शासन होता है औरन्यायपालिका पूरी तरह स्वतंत्र होती है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहाँ विविधता के बावजूद सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। संक्षेप में, लोकतंत्र समानता और मानवीय गरिमा को बनाए रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। अंत में उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब भी सहजता से दिए। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने किया, वहीं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, आई क्यू ए सी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह, कृतकार्य आचार्य डॉ. मदन गोपाल सिन्हा, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. महेन्द्र कुमार, डॉ. अमित कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार,कमलेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस आशय की जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं सहायक आचार्य हिंदी डॉ अभिषेक तिवारी ने विज्ञप्ति जारी कर दी है।
एक टिप्पणी भेजें