राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का धरना, मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापनवाराणसी, 16 अक्टूबर काशी दीप विजन।राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के आह्वान पर गुरुवार को परिषद के चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण में जिलेभर के कर्मचारी सड़क पर उतर आए। वाराणसी जिला मुख्यालय पर शास्त्री घाट, वरुणा पुल के निकट परिषद से जुड़े कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए अपनी 24 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।धरना स्थल पर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन कुमार श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र राय सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि शासन ने बार-बार पत्र भेजे जाने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं पर संवाद नहीं किया है, जिससे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।कर्मचारियों ने लैब टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, चकबंदी अधिकारी, विपणन निरीक्षक सहित कई संवर्गों की वेतन विसंगतियों के समाधान, पदोन्नति बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, आउटसोर्स कर्मचारियों के कल्याण निकाय को सक्रिय करने, ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) की बहाली, तथा आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने जैसी मांगें उठाईं।परिषद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।धरने में रोडवेज कर्मचारी राजेश कुमार सिंह, एलटी संवर्ग के छैलबिहारी प्रसाद, जितेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, आउटसोर्सिंग कर्मी संजय सिंह, गुलशन कुमार, विकास, तथा संविदा कर्मी अनिल कुमार सिंह और योगेंद्र यादव समेत सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे। नवीन सिंह की रिपोर्ट
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें