महिला सशक्तिकरण के लिए पुलिस का जनजागरण अभियान – सीबीएसई हैंडबॉल नेशनल चैम्पियनशिप में प्रतिभागियों को किया गया जागरूक ब्यूरो: नवीन प्रकाश सिंह।काशी दीप विजन चंदौली। 04 अक्टूबर 2025उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0” के तहत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर चंदौली पुलिस निरंतर जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने थाना बबुरी क्षेत्र स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई हैंडबॉल नेशनल चैम्पियनशिप में प्रतिभाग कर रही महिला खिलाड़ियों से संवाद किया।कार्यक्रम में देश की 21 राष्ट्रीय टीमों तथा यूएई, कतर, ओमान, कुवैत सहित 6 अंतरराष्ट्रीय टीमों की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्नेहा तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और आत्मरक्षा के महत्व पर जागरूक किया। प्रतिभागियों को मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पंपलेट्स का वितरण किया गया।सीओ तिवारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षित माहौल प्रदान करना है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना भी है। उन्होंने छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला योजना, शक्ति सदन व सखी निवास जैसी योजनाओं की जानकारी दी।इसके साथ ही महिलाओं को संरक्षण देने वाले प्रमुख कानूनों – घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 और गर्भधारण पूर्व व प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 के बारे में विस्तार से बताया गया।कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी ने थाना बबुरी में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा करते हुए महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निःसंकोच पुलिस से संपर्क करें। नवीन सिंह की रिपोर्ट वाराणसी
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें