सीडीओ ने रामनगर में स्मार्ट सिटी द्वारा विद्यालय में कराये जा रहे कार्यों का किया निरीक्षण वाराणसी -- मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल द्वारा सोमवार को रामनगर में स्मार्ट सिटी द्वारा विद्यालय में कराए जा रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने निर्माण कार्यों एवं बाला पेंटिंग की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कंपोजिट विद्यालय रामनगर प्राचीन (वाजिदपुर) प्राथमिक विद्यालय पंडित सुगानू तथा प्राथमिक विद्यालय गोलाघाट का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय प्राचीन (वाजिदपुर) में कराया जा रहे निर्माण कार्य एवं बाला पेंटिंग की भी गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्मार्ट सिटी परियोजना की कार्यदायी एजेंसी को तत्काल कार्यों की गुणवत्ता सुधारने एवं बाला पेंटिंग को मानक के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिया। विद्यालय में शौचालय की खराब स्थिति एवं गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में गार्डेनिंग करने तथा छतों में सीलन की समस्या के समाधान हेतु वॉटरप्रूफिंग कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय पंडित सुगानू में निरीक्षण के दौरान शौचालय में दरवाजे की अनुपस्थिति एवं एक कक्ष के छत की मरम्मत आवश्यक पाए जाने पर तत्काल कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय गोलाघाट में निर्माणाधीन नई इमारत का निरीक्षण करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानाध्यापक कक्ष के निर्माण एवं विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुसार शेष निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेन्द्र प्रताप सिंह,खण्ड शिक्षा अधिकारी स्कन्द गुप्त,जिला समन्वयक निर्माण अभय सिंह, निरीक्षणरत विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व अध्यापक गण उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों के भौतिक संसाधनों एवं अधोसंरचना में सुधार हेतु कराए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग किया जाए तथा छात्रों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण सूनिश्चित किया जाए। निरीक्षण करते सीडीओ, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें