Top News

कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, लापता छह बच्चों को किया बरामद जमानिया। संवाददाता सलीम मंसूरी रेवतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेढ़गावा से 22 अप्रैल को लापता हुए छह नाबालिग बच्चों को पुलिस ने एक व्यापक सर्च ऑपरेशन के बाद 4 मई को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों की गुमशुदगी की सूचना पर पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पांच टीमें गठित की थीं, जिन्होंने कई जनपदों में अभियान चलाया।ओमप्रकाश बनवासी निवासी ग्राम डेढ़गावा ने 25 अप्रैल 2025 को थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके छह नाबालिग बच्चे—अतवारी (13), अर्जुन (12), रोशन (9), लक्ष्मीना (6), सोनी उर्फ बेफी (6) और अमित बनवासी (10) 22 अप्रैल को ईट भट्ठे के पास खेलते समय अचानक लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग न मिलने पर थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी ने थाने का दौरा कर बरामदगी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पांच विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मुगलसराय, बक्सर समेत आसपास के जिलों के बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और भट्ठों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिससे सुराग प्राप्त हुए। अंततः 4 मई 2025 को सुबह 7:30 बजे ग्राम डेढ़गावा में सभी बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बरामद सभी छ बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति, गाजीपुर के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस उपाधीक्षक रामकृष्ण तिवारी एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता के चलते बच्चे सुरक्षित मिल सके और इस मामले की सतत निगरानी की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Post a Comment

और नया पुराने