Top News

एक-दो महीने में पूरी होंगी काशी की लंबित विकास परियोजनाएं, जल्द होगा लोकार्पण*

दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी काशी दीप विजन - मे नवागत मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन आज कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से कहा कि काशी में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराकर उनका लोकार्पण कराया जाएगा। गंजारी स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड सहित विभिन्न परियोजनाओं को अगले एक-दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन परियोजनाओं के लोकार्पण की तिथियां भी जल्द साझा की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बनारस पूर्वांचल की राजधानी के रूप में उभर रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा आसपास के राज्यों और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, पर्यटक और अन्य लोग आते हैं। ऐसे में शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था, घाटों की स्वच्छता, आवागमन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि काशी आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

*देव दीपावली पर दिखेगा भव्य आयोजन का नया स्वरूप*

मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार देव दीपावली को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है। गंगा घाटों पर दीपों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही लेजर शो और ड्रोन शो भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग, आवागमन और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि देव दीपावली पर भारत सरकार के एक बड़े वीआईपी सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अतिथियों के आगमन की संभावना है। हालांकि, अतिथियों की औपचारिक सूची अभी तय की जा रही है।

*काशी तमिल संगमम में तिरुक्कुरल होगी मुख्य थीम*

काशी में 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन होगा। इस बार आयोजन की मुख्य थीम तमिल के प्राचीन ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' पर आधारित होगी। मंडलायुक्त ने कहा कि लगभग दो हजार वर्ष पुराने इस महत्वपूर्ण ग्रंथ की विचारधारा और साहित्यिक विरासत को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। पिछले चार संस्करणों की तुलना में इस बार आयोजन में नए प्रयोग और नवाचार भी किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि काशी की सांस्कृतिक, धार्मिक और विकास संबंधी पहचान को और मजबूत करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के साथ ही प्रमुख आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

Post a Comment

और नया पुराने