विजय कुमार की रिपोर्ट
वाराणसी। अरसों बाद शिवपुर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार और विकास का काम तेजी से शुरू हो गया है। अमृत भारत योजना के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से स्टेशन को स्मार्ट और बेहतर बनाने की दिशा में निर्माण कार्य चल रहा है।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग चौड़े रास्ते बनाए जा रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय समेत वर्तमान में शेड में संचालित रेलवे के विभिन्न कार्यालयों को तोड़कर नए और बेहतर भवन तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।
स्टेशन कैंपस में लगी लोहे की रेलिंग और चारदीवारी को भी हटाया जा रहा है। इसके स्थान पर ईंट से मजबूत चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।
100 बाइक, 50 कार और 50 थ्री व्हीलर की पार्किंग
स्टेशन पर पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के लिए सुदृढ़ पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों प्लेटफार्म पर रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
जल की बेहतर व्यवस्था के लिए प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर करीब 40 वाटर बूथ लगाए जाएंगे। वहीं हाईमास्ट और बेहतर लाइट डेकोरेशन से शिवपुर स्टेशन रोशनी से जगमग होगा।
प्लेटफार्म नंबर एक पर रेलवे कार्यालय से सटे स्थान पर यात्री वेटिंग हाल का निर्माण किया जाएगा। कंस्ट्रक्शन डिप्टी कार्यालय का भी निर्माण शुरू हो गया है। इस भवन में पूरे जोन के कंस्ट्रक्शन विभाग से संबंधित कार्यालय संचालित होंगे।
अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों से शिवपुर स्टेशन की तस्वीर बदलने लगी है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित, सुविधाजनक और स्मार्ट नजर आएगा।
एक टिप्पणी भेजें