काशी दीप विजन, आरएसएमटी में विद्यारम्भ कार्यक्रम " अभिनन्दनम-2025 " का हुआ समापन वाराणसी -- राजर्षि स्कूल आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में 15 सितंबर से चल रहे एमबीए व एमसीए विद्यारंभ कार्यक्रम अभिनंदन- 2025 का आज शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा के पूर्व कुलपति एवं कुलपति रावतपुरा यूनिवर्सिटी रायपुर प्रो.एसके सिंह व विशिष्ट अतिथि के रूप में बनारस बीड्स के प्रबन्ध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक गुप्ता के साथ ही संस्थान के निदेशक प्रो.अमन गुप्ता मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा राजर्षि जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कराया गया। मुख्य अतिथि प्रो. एसके सिंह ने कहा कि प्रबंधन और तकनीक के क्षेत्र में सफलता केवल डिग्री से नहीं, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से मिलती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वह अपने ज्ञान को समाज और राष्ट्र की प्रगति में समर्पित करें। आज की युवा पीढ़ी यदि नवाचार और उद्यमिता को अपनायेगी तो भारत निश्चित रूप से विश्व का नेतृत्व करेगा। विशिष्ट अतिथि बनारस बीड्स के प्रबंध निदेशक अशोक गुप्ता ने कहा कि सच्चा प्रबंधन वही है जो मानवता, पारदर्शिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जुड़ा हो। विद्यार्थी जब कार्य क्षेत्र में जाएं तो केवल लाभ कमाने की दृष्टि से नहीं, बल्कि समाज और देश के विकास की भावना से काम करें। यही सोच उन्हें सफलता और संतोष प्रदान करेगी। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और नवाचार को जीवन का मूलमंत्र बनाने की प्रेरणा दी। स्टार्टअप्स में नवाचार विषय पर प्रो.पीवी राजीव आईएमएस बीएचयू ने विद्यार्थियों को उद्यमिता की संभावनाओं, नवाचार की आवश्यकता और स्टार्टअप परिस्थितिकी तंत्र में प्रबंधन छात्रों की भूमिका पर प्रेरक विचार प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समन्वयन डा. विनीता कालरा ने किया। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत कार्यक्रम में" वृक्षारोपण एवं स्वच्छता ही सेवा" कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल ने छात्रों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम का समन्वयन बृजेंद्र श्रीवास्तव एवं सुजीत सिंह ने किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक प्रभारी प्रोफेसर अमन गुप्ता ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुति प्रो. संजय कुमार सिंह ने संचालन एवं समन्वयन का कार्य डॉक्टर गरिमा आनंद ने किया। अन्त में कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रीति नायर ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया-आरएसएमटी के समस्त स्टाफ व शिक्षकगण
kashideephindinewspaper
0
एक टिप्पणी भेजें