Top News

धान की खेती के लिए जरूरी सिंचाई पानी बंद, किसानों ने जताया विरोध जमानियां। सलीम मंसूरी,क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 18 जून दोपहर तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो वे सामूहिक रूप से बरूईन गांव के शिव मंदिर चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि पंप केनाल से सिचाई के लिए छोड़ा जाने वाला पानी अचानक बंद कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। खेतों में बीज सूख रहे हैं और नए बीज डालने की प्रक्रिया भी रुक गई है। ग्रामीणों ने बताया कि कई गांवों की सिंचाई पूरी तरह नहरों पर निर्भर है। यदि नहरों में समय रहते पानी नहीं छोड़ा गया तो धान की नर्सरी तैयार करना असंभव हो जाएगा। किसानों ने कहा कि उनके पास नहर के अलावा कोई अन्य सिंचाई साधन नहीं है और वर्तमान स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि वे पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय किसान मनोज सिंह, दिलीप सिंह, भरत सिंह, डबलू तिवारी, देवदत्त सिंह,आलोक, रणवीर सिंह, सुधीर सिंह, मोंटी, पिंकू सिंह मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान निकालने की मांग की और ज्ञापन सौंपा। जिस पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने आश्वासन दिया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कर कर नहर चालू करवाने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने