Top News

किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सौंपा ज्ञापन, जनपद की समस्याओं के समाधान की भी उठाई मांग


रिपोर्ट /गुफरान अहमद 
मिर्जापुर, 27 नवंबर 2026।संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मंडल कार्यालय पहुंचकर अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। किसान आंदोलन की छठवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों, कृषि मजदूरों और ग्रामीण कामगारों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से 9 दिसंबर 2021 को किसानों से किए गए लिखित वादों को पूरा करने, सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, बिजली एवं बीज संबंधी प्रस्तावित कानूनों पर पुनर्विचार और मनरेगा में 200 दिन काम तथा 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग की गई। इसके अलावा बुजुर्ग किसानों और कृषि मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन तथा मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

वहीं जनपद की समस्याओं में प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे को निरस्त करने, अहरौरा में वनस्थली महाविद्यालय के पास एसएच-5ए पर स्थित अस्थायी टोल प्लाजा हटाने तथा धौरूपुर, भरूहना और राजपुर में किसानों की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया समाप्त कर क्रय-विक्रय पर लगी रोक हटाने की मांग शामिल रही।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह किसान, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह सहित शारदा प्रसाद मिश्रा, अवधेश नारायण सिंह, सुखनंदन दुबे, परशुराम मौर्य, बृजराज सिंह राजू समेत बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। यूनियन ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित समाधान कराने की अपील की।

Post a Comment

और नया पुराने