Top News

संविधान दिवस पर विकास इण्टर कालेज में 8 हजार छात्रों को न्यायिक अधिकारियों ने दिलाई शपथ

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी काशी दीप विजन  -- उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद वाराणसी के समस्त विद्यालयों में "एक स्वर एक संविधान " कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रातः 9:00 बजे विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन विकास इंटर कॉलेज परमानंदपुर वाराणसी में किया गया। जहां लगभग 8000 छात्र-छात्राओं को न्यायिक अधिकारियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक आधार एवं मौलिक कर्तव्यों के साथ-साथ साइबर अपराध,ड्रग्स एवं नशे से होने वाली हानियों और उनसे बचाव, बाल विवाह,बाल श्रम, पाक्सो अधिनियम- 2012 तथा नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या-15100 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके उपरांत प्रातः 10:00 बजे से 11:00 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी के निर्देशानुसार संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता एवं परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में नीरज कुमार त्रिपाठी एसीजेएम, प्रशांत मिश्रा एसीजेएम(एनईआर), प्रवीण कुमार एसीजेएम,अहद अहमद सिविल जज जूनियर डिवीजन, अशोक कुमार प्रधानाचार्य विकास इंटर कॉलेज तथा पराविधिक स्वयंसेवक मदन चौहान, मनोज कुमार एवं कुसुमलता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इसी क्रम में संविधान दिवस की अवसर पर जनपद न्यायालय वाराणसी के सभागार में जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में समस्त न्यायिक अधिकारी गण एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक वाराणसी भोलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार जनपद के समस्त विद्यालयों में लगभग 45000 छात्र-छात्राओं को प्रातः 9 बजे " एक स्वर एक संविधान " कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। साथ ही विद्यार्थियों के मध्य संविधान विषयक प्रतियोगिता एवं परीक्षा, निबंध लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस प्रकार संविधान दिवस के अवसर पर जनपद वाराणसी में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं आमजन को संविधान के प्रति जागरूक करने, संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। उक्त जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी राजीव मुकुल पाण्डेय द्वारा दी गई।

Post a Comment

और नया पुराने